० खेड़ा खुर्मुपुर के पास देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा, पुलिस वाहन के उड़ गए परखच्चे; फरार टैंकर चालक की तलाश जारी
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग के दो जवानों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। फर्रुखनगर क्षेत्र के खेड़ा खुर्मुपुर के पास पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ERV) की तेज रफ्तार टैंकर से भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार जवान बुरी तरह फंस गए।
जानकारी के अनुसार, ERV वाहन ड्यूटी पर था। इसी दौरान खेड़ा खुर्मुपुर के पास सामने से आए एक तेज रफ्तार टैंकर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस हादसे में हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल और हेड कॉन्स्टेबल अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथ मौजूद कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतक पुलिसकर्मियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दुर्घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

