कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार ने TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर बड़ा फैसला लिया है। इस बार TRE-4 की परीक्षा एकल चरण में ही आयोजित की जाएगी, जिसकी मांग को लेकर छात्र पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर बीते 18 अगस्त से धरना प्रदर्शन कर रहे थे। सीएम सम्राट चौधरी ने खुद इस बात की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी है। सरकार ने एकल परीक्षा के अलावा छात्रों की 9 अन्य मांगों पर भी निर्णय लिया है।
छात्रों की मांगों को लेकर सरकार गंभीर- सीएम सम्राट
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, छात्रों की मांगों को लेकर सरकार शुरू से ही गंभीर रही है। अब छात्रों की मांगों के संबंध में निर्णय लिया गया है कि इस बार की TRE-4 परीक्षा एकल चरण में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही 9 अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए हैं। राज्य सरकार ने विभिन्न परीक्षाओं में सुधार के लिए अनुशंसाएं देने हेतु “परीक्षा सुधार पर एक विशेषज्ञ समिति” का गठन किया है।
’30 दिनों के अंदर होगा छात्रों की समस्याओं का समाधान’


सीएम ने कहा कि, माननीय पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित यह समिति विभिन्न परीक्षाओं से संबंधित छात्रों की शिकायतों की भी सुनवाई करेगी। उन्होंने कहा कि, सरकार ने छात्रों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए “विद्यार्थी सहयोग पोर्टल” एवं “विद्यार्थी सहयोग शिविर” की शुरुआत की है। इसके माध्यम से छात्रों की समस्याओं का समाधान 30 दिनों के भीतर किया जा रहा है। सरकार छात्रों के कल्याण और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
18 अगस्त से धरने पर बैठे हैं छात्र
गौरतलब है कि बीते 18 अगस्त से छात्र टीआरई-4 शिक्षक भर्ती समेत अन्य मांगों को लेकर गर्दनीबाग धरना स्थल पर बैठे हुए थे। बीते 25 अगस्त को विभिन्न संगठनों के छात्र सीएम आवास का घेराव करने भी निकले थे। इस दौरान डाकबंगला चौराहे के पास पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान उनपर लाठीचार्ज भी किया गया और वाटर कैनन का भी प्रयोग किया। लाठीचार्ज के दौरान कुछ छात्र घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था।
ये भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर CM सम्राट का बड़ा ऐलान, बिहार में बनेगा ‘महिला विश्वविद्यालय’, सिर्फ महिलाएं संभालेंगी जिम्मेदारी


