भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार(Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को आंदोलन का ऐलान किया है। आंदोलन में शामिल होने के लिए CJP के नेताओं और वॉलंटियर्स के दिल्ली पहुंचने से पहले उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दरअसल, दिल्ली पुलिस ने 20 जुलाई को CJP की अगुवाई में निकाले गए संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उस दिन हुई घटनाओं से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। CJP ने आगामी 10 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन का आह्वान किया है। ऐसे में जुलाई में हुए संसद मार्च की जांच शुरू होने को लेकर संगठन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर भी नजर रहने की संभावना है।
शीर्ष नेतृत्व से पूछताछ की संभावना
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और संगठन के शीर्ष नेतृत्व में शामिल सौरव दास तथा आशुतोष रांका से पूछताछ कर सकती है। हालांकि, पूछताछ को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस 20 जुलाई के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा से जुड़े घटनाक्रम और उसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इसी बीच CJP ने 10 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है।
17 FIR पहले ही रद्द
सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की जांच में हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका का पता लगाया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि हिंसा पहले से रची गई किसी साजिश का हिस्सा थी या विरोध-प्रदर्शन वाले स्थानों पर आपराधिक तत्वों की घुसपैठ के कारण हालात बिगड़े। जांच में पुलिसकर्मियों पर कथित हमले, तोड़फोड़ और पुलिस वाहनों समेत सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को भी शामिल किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद दिल्ली पुलिस जुलाई में हुई हिंसा से जुड़े 17 मामलों में दर्ज FIR पहले ही रद्द कर चुकी है। इसके बावजूद हिंसा के अन्य पहलुओं और जिम्मेदार लोगों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।
दिल्ली प्रदर्शन से पहले CJP की तैयारियां तेज
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले संगठन ने महाराष्ट्र के शिवाजी पार्क में भी विरोध-प्रदर्शन कर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी। बीते दिनों CJP नेतृत्व ने दिल्ली में प्रदर्शन के लिए पुलिस से अनुमति लेने के संबंध में संपर्क किया था। पुलिस की ओर से कहा गया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए कम से कम 10 दिन पहले अनुमति लेना जरूरी है। इसके बाद सौरव दास, अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका समेत CJP के नेता दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर रणनीति तैयार कर रहे हैं। वहीं, CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक प्रेस वार्ता में दावा किया था कि 10 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले संगठन के वॉलंटियर्स को नोटिस भेजे जा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

