अमेरिका के कैलिफोर्निया में दो मलयाली महिलाओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतकों की पहचान केरल के त्रिशूर की रहने वाली अंजना और तिरुवनंतपुरम की रहने वाली ऐन मैरी मैथ्यू के रूप में हुई है. इस सिलसिले में पुलिस ने उनकी दोस्त अनिला को हिरासत में लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को कहा कि अमेरिका के कैलिफोर्निया में कथित तौर पर मारी गईं केरल की दो महिलाओं के शव वापस लाने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाए जाएंगे.

कैलिफोर्निया में दो मलयाली महिलाओं की हत्या कर दी गई है. उनके रिश्तेदारों के अनुसार, हत्या का आरोप एक दूसरी मलयाली महिला पर है, जो उनकी दोस्त थी और उसी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में रहती थी. उन्होंने कहा कि तीनों महिलाएं अपने परिवारों के साथ एक ही अपार्टमेंट में रहती थीं.

पुलिस ने शक के आधार पर उनकी दोस्त अनिला को हिरासत में लिया है जो केरल के कोट्टायम की रहने वाली बताई जा रही हैं. परिजनों का दावा है कि उन दोनों लड़कियों की हत्या उनकी दोस्त ने ही की है. पीड़ितों में से एक की पहचान त्रिशूर में मन्नुथी के पास मुडिक्कोड की रहने वाली 35 वर्षीय अंजना और दूसरी महिला तिरुवनंतपुरम के केशवदासपुरम की रहने वाली 40 वर्षीय एन मैरी मैथ्यू थीं.

रिश्तेदारों के मुताबिक, अंजना की मौत कथित तौर पर एक हिट एंड रन घटना में हुई, जबकि ऐन मैरी मैथ्यू अपने घर के कमरे में मृत पाई गईं. परिजनों का कहना है कि तीनों करीबी दोस्त थीं, पर तीनों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसके बाद मामला हत्या तक पहुंच गया.

पड़ोसी और पारिवारिक मित्र जेरी सैम जोसेफ ने बताया कि एन मैरी के परिवार को जानकारी मिली थी कि नौकरी से जुड़े किसी मामले को लेकर संदिग्ध महिला के साथ उनका विवाद था. जानकारी के मुताबिक, ये हत्याएं शुक्रवार दोपहर को हुईं.  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m