पीयूष जायसवाल, खाचरोद (उज्जैन)। कहते हैं चोर चोरी करने आता है तो उसका निशाना सोना-चांदी या भारी-भरकम कैश होता है, लेकिन उज्जैन के खाचरोद में जो हुआ, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं। यहां चोरों ने बैंक का ताला तोड़ा, तिजोरी के पास तक पहुंचे, लेकिन 85 लाख रुपए के कैश को इग्नोर कर दिया।

ये भी पढ़ें: पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप, गुस्साए युवक ने गार्ड पर किया चाकू से हमला, CCTV फुटेज आया सामने

रविवार की छुट्टी और हाई-टेक सेंधमारी

मंडी क्षेत्र स्थित जिला सहकारी बैंक में यह वारदात रविवार को अंजाम दी गई। बदमाशों ने बड़ी चालाकी से बैंक का चैनल गेट और ताला तोड़ा। अंदर घुसते ही उन्होंने सबसे पहले CCTV कैमरों के तार काटे ताकि उनकी पहचान गुप्त रहे। लेकिन इसके बाद जो हुआ, वो सबसे ज्यादा चौंकाने वाला था।

कैश नहीं, डेटा पर था निशाना

बैंक के लॉकर में करीब 85 लाख रुपए रखे थे, जिसे चोरों ने छुआ तक नहीं। वे सीधे कंप्यूटर सिस्टम के पास पहुंचे और डेटा से भरा CPU लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के लिए चोर अपने साथ सीसीटीवी का DVR भी ले गए, जिससे पुलिस को फुटेज मिलने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

ये भी पढ़ें: अब मंदिर भी नहीं सुरक्षित! 42 मिनट में चोरी की वारदात, नकाबपोशों ने 9 मूर्तियां और लाखों का माल किया साफ

पुलिस को ‘अंदरुनी साजिश’ का शक

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बैंक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में पुलिस इस मामले को बेहद संदिग्ध मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि बैंक में इतनी बड़ी रकम को छोड़कर सिर्फ डिजिटल सिस्टम (CPU) चुराना किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है। चोरों का मकसद बैंक का कोई खास रिकॉर्ड या ट्रांजेक्शन डेटा मिटाना हो सकता है। इस वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसे बैंक के सिस्टम की पूरी जानकारी थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m