देहरादून. कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा खराब मौसम की भेंट चढ़ गया था. राहुल पौड़ी और अल्मोड़ा में सभा को संबोधित करने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका और वे वहां पहुंच नहीं पाए थे. अब पूर्व सीएम ने हेलीकॉप्टर न उड़ने को लेकर सवाल खड़ा किया है. हरीश रावत ने भाजपा पर भी निशाना साधा है. उन्होंने कहा, 4 जून को अल्मोड़ा में आहूत कांग्रेस रैली को संबोधित करने के लिए राहुल गांधी जी के आगमन की समस्त अल्मोड़ा और पूरी जनसभा प्रतीक्षा कर रही थी. सूचना मिली कि यात्रा रूट में मौसम की खराबी और लो क्लाउड की स्थिति के कारण पायलट हेलीकॉप्टर को लौटा कर वापस पंतनगर चले गए हैं. हम पायलट के निर्णय की सराहना करते हैं. उन्होंने राहुल गांधी जी की सुरक्षा को सर्वोच्च महत्व देते हुए उचित निर्णय लिया.

इसे भी पढ़ें- ‘निकम्मे सिस्टम’ को शर्म है कि आती नहीं! मालवीय नगर अग्निकांड मामले में पुलिस ने शेफ केशव नेगी को किया गिरफ्तार, यशपाल आर्य ने उठाए सवाल

अल्मोड़ा के लिए रूट प्लान फाइल करते समय पायलट के पास कंट्रोल रूम से यह सूचना क्यों नहीं दी गई कि जिस रूट को अपनाया जा रहा था, उसमें बादल छाए हुए हैं. साथ ही यह सूचना क्यों नहीं दी गई कि अल्मोड़ा के लिए जो वैकल्पिक रूट उपलब्ध हैं. एक हल्द्वानी से और दूसरा रामनगर की तरफ से. उनमें किसी प्रकार के बादल नहीं हैं. यह भी सूचना दी जानी चाहिए थी कि वहां बादल नहीं छाए हुए हैं और उन रूट्स पर हेलीकॉप्टर उड़ान भर रहे हैं और अल्मोड़ा से वापसी में हल्द्वानी एवं देहरादून में लैंड कर रहे हैं.

यदि DGCA द्वारा पायलट महोदय को समुचित सूचना दे दी गई होती, तो राहुल गांधी जी दूसरे रूट्स से अल्मोड़ा पहुंचते और अल्मोड़ा की रैली को संबोधित करते. राहुल गांधी देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के सर्वोच्च नेता होने के साथ-साथ लोकसभा में विपक्ष के भी नेता हैं. उनके कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न हों, यह केंद्र और राज्य सरकार की जिम्मेदारी है.

इसे भी पढ़ें- हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर बड़ा हादसा, 42 यात्रियों से भरी बस में लगी आग

भाजपा के दोस्त उनके कार्यक्रम को लेकर जिस तरीके की पच-पच कर रहे हैं, ओछी टिप्पणियां कर रहे हैं, मैं उनको बताना चाहता हूं कि उनकी सरकारों का कोई भी षड्यंत्र राहुल गांधी जी को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकता. मैं भाजपा के दोस्तों को बताते चलूं कि हमारे नेता तो अल्मोड़ा में उनकी सरकार के षड्यंत्र के कारण नहीं पहुंच पाए, जबकि उनके नेता नरेंद्र मोदी जी रुद्रपुर में आयोजित अपनी पार्टी की रैली को इसलिए संबोधित नहीं कर पाए क्योंकि उन्हें कॉर्बेट में सैर-सपाटा करना था और अपने ऊपर फ़िल्म शूट करनी थी.