देहरादून. दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में उत्तराखंड के केशव नेगी की गिरफ्तारी की गई है. जिस पर नेता विपक्ष यशपाल आर्य ने सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा, दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में उत्तराखंड के युवा शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी कई गंभीर सवाल खड़े करती है. केशव नेगी दिल्ली में अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए नौकरी कर रहे थे.

इसे भी पढ़ें- 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं को बांटे जाएंगे गणना फॉर्म, BLO को उपलब्ध कराई जाएगी मूलभूत सुविधाएं

आगे यशपाल आर्य ने कहा, उनका काम रसोई में खाना बनाना था, न कि यह जांचना कि बिल्डिंग वैध है या अवैध, फायर NOC है या नहीं, भवन सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, या रिहायशी क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां किस अनुमति से संचालित हो रही हैं. यदि भवन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई, अवैध निर्माण हुआ, फायर नियमों का उल्लंघन हुआ और प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही बरती गई, तो इसकी जवाबदेही उन लोगों की तय होनी चाहिए जो इसके लिए वास्तविक रूप से जिम्मेदार हैं.

इसे भी पढ़ें- हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर बड़ा हादसा, 42 यात्रियों से भरी बस में लगी आग

आगे यशपाल आर्य ने कहा, एक कर्मचारी को बलि का बकरा बनाकर पूरे मामले की जिम्मेदारी उस पर डाल देना न्यायसंगत नहीं कहा जा सकता. उत्तराखंड सरकार, प्रदेश के सांसदों और जनप्रतिनिधियों को इस मामले का संज्ञान लेते हुए केशव नेगी को उचित कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पहल करनी चाहिए. न्याय का सिद्धांत यही कहता है कि जिम्मेदारी उसी की तय हो जो वास्तव में जिम्मेदार हो.