वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले में आज बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बिहटा-सरमेरा टू-लेन (एसएच-78) पर बिंद थाना क्षेत्र के फोरलेन चौक के पास की है, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन सड़क पार कर रहे 20 वर्षीय युवक को रौंदते हुए मौके फरार हो गया। हादसा इतना भयानक था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क पार करते समय हुआ हादसा

घटना की सूचना मिलने पर बिंद थानाध्यक्ष मुरली आजाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम और पहचान के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है।

पहचान के लिए आसपास के थानों को दी सूचना

थानाध्यक्ष मुरली आजाद ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों को सूचना दी गई है तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के घर का कोई व्यक्ति लापता है या पहचान हो सके तो तुरंत बिंद थाना से संपर्क करें। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- रिशु श्री टेंडर घोटाला मामले में बड़ा एक्शन, IAS समेत 3 अफसरों को SVU ने किया गिरफ्तार