नितिन नामदेव, रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित यूनियन क्लब में खेल, उत्साह और उपलब्धियों का शानदार संगम देखने को मिला। क्लब की रजत जयंती, मेगा समर कैंप 2026 और छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग (सीटीपीएल) के समापन अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों, प्रशिक्षुओं और विजेताओं को सम्मानित किया गया।

narayana

समर कैंप के प्रतिभागियों को मिला सम्मान

मोती बाग चौक स्थित यूनियन क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान टेनिस, बैडमिंटन और स्विमिंग समर कैंप का विधिवत समापन हुआ। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में बच्चों की प्रतिभा, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कई गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज तथा अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने यूनियन क्लब की 25 वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने वाला अग्रणी संस्थान बताया।

25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का हुआ प्रस्तुतीकरण

यूनियन क्लब के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव सरदार गुरुचरण सिंह होरा के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में क्लब की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का विशेष प्रस्तुतीकरण भी किया गया। इस दौरान क्लब के विकास, खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों को दिए गए मंच की झलक प्रस्तुत की गई।

छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग का भी हुआ समापन

गौरतलब है कि इस अवसर पर छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग (सीटीपीएल) का भी शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति के अनुसार पिछले 25 वर्षों से संचालित यह प्रदेश का सबसे बड़ा समर कैंप है, जिसमें हर वर्ष लगभग 1500 बच्चे विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।

खेल और संस्कारों का केंद्र बना यूनियन क्लब

रजत जयंती समारोह के माध्यम से यूनियन क्लब ने एक बार फिर यह साबित किया कि वह केवल एक खेल संस्था नहीं, बल्कि हजारों बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाला मंच है। खेल, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए क्लब ने भविष्य में भी नई उपलब्धियां हासिल करने का संकल्प लिया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H