मोगा। थाना सदर पर हुए हालिया हमले का जायजा लेने पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को पुलिस प्रशासन ने गांव दुनेके के पास रोक दिया। इसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। केंद्रीय मंत्री अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार, जब रवनीत सिंह बिट्टू गांव के पास पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। बढ़ते विरोध और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए प्रशासन ने बाद में केंद्रीय मंत्री को आगे जाने की अनुमति दे दी।
सरकार की प्राथमिकताओं पर उठाए सवाल
मोगा पहुंचने के बाद रवनीत सिंह बिट्टू ने मीडिया से बातचीत की इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें रोकने के लिए डीएसपी, एसएचओ, एसपी और एसएसपी स्तर तक के अधिकारियों सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। उन्होंने कहा कि यदि यही तत्परता प्रदेश की कानून-व्यवस्था सुधारने में दिखाई जाती तो हालात बेहतर होते।
जब थाने सुरक्षित नहीं, तो जनता कैसे सुरक्षित रहेगी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंजाब में लगातार पुलिस थानों को निशाना बनाया जा रहा है। यह अच्छी स्थिति नहीं है। इस स्थिति से पुलिसकर्मियों में भी असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अब तक करीब 22 पुलिस थानों पर ग्रेनेड हमले हो चुके हैं। उनके अनुसार, ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
रवनीत सिंह बिट्टू ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार इन हमलों के मास्टरमाइंड और आरोपियों तक पहुंचने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि हर घटना के बाद केवल जांच और पहचान की बात कही जाती है, लेकिन अब तक ठोस परिणाम सामने नहीं आए हैं। बिट्टू ने राज्य सरकार से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

