राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/ विदिशा। बाहर से चमक-दमक और लग्जरी सुविधाओं का दावा करने वाले होटलों में ग्राहकों को कैसी खाद्य सामग्री परोसी जा रही है, इसकी चौंकाने वाली तस्वीर शुक्रवार को सामने आई. मोबाइल कोर्ट ने हाईवे स्थित तीन बड़े होटल-रेस्टोरेंट में जांच की तो रसोई में गंदगी और खाद्य सामग्री में कीड़े मिलने की स्थिति सामने आई. एक होटल की रसोई में रखा खीरा चूहों द्वारा कुतरा हुआ मिला, जबकि दूसरे होटल में बेसन और रवा में कीड़े और इल्लियां रेंगती दिखाई दीं. तीसरे होटल में भी खाने की गुणवत्ता से जुड़ी गड़बडिय़ां मिलीं. इसके बाद तीनों होटल संचालकों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई.
मोबाइल कोर्ट के न्यायाधीश के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका, आबकारी और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने होटलों की जांच की. कार्रवाई के दौरान खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा. रिपोर्ट से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी. कार्रवाई के दौरान करीब आधा सैकड़ा से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद रहे. लग्जरी दिखने वाले होटलों की रसोई में मिली गंदगी ने साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े कर दिए.

होटलों की जांच के बाद मोबाइल कोर्ट का अमला पूरनपुरा से दुर्गानगर चौराहे तक अतिक्रमण हटाने पहुंचा. सडक़ पर रखी गुमठियों को जब्त किया गया और दुकानों के बाहर रखा सामान नगर पालिका की टीम ने वाहनों में भरकर हटाया. कई दुकानदारों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया. कार्रवाई में नगर पालिका के वाहन और पुलिस बल मौजूद रहे.
कार्रवाई की खबर मिलते ही दुकानें समेटने लगे दुकानदार
मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई की सूचना मिलते ही सडक़ पर कब्जा कर कारोबार करने वाले कई दुकानदार अपना सामान समेटकर भागते नजर आए. पूरनपुरा से दुर्गानगर चौराहे तक दिनभर गहमागहमी का माहौल बना रहा. कार्रवाई से होटल संचालकों और अतिक्रमणकारियों में हडक़ंप मच गया.एक ओर खाद्य सामग्री में गंदगी मिलने से ग्राहकों की सेहत और खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठे, वहीं दूसरी ओर सडक़ पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई हुई. अब खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर निगाहें रहेंगी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

