लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार (21 सितंबर 2026) देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 34 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए. इनमें 14 जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं. मुरादाबाद, हरदोई, एटा, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, अमेठी, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर में नए डीएम तैनात किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें- यूपी में कमजोर पड़ा मानसून, 23 से 25 सितंबर फिर बारिश के आसार; कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
14 जिलों में बदले गए जिलाधिकारी
तबादला सूची में कुछ अधिकारियों को दोबारा जिले की जिम्मेदारी मिली है, जबकि कई मौजूदा जिलाधिकारियों को शासन और दूसरे विभागों में भेजा गया है. कुशीनगर के डीएम महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है. वहीं कानपुर के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक बनाया गया है.
मुरादाबाद से राजेंद्र पैंसिया की विदाई
मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया को करीब साढ़े चार महीने बाद हटाकर विशेष सचिव, कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. मंगला प्रसाद सिंह 2012 बैच के IAS अधिकारी हैं और PCS से प्रमोट होकर IAS बने थे.
कई जिलाधिकारियों को शासन में भेजा
बिजनौर की डीएम जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. महोबा की डीएम गजल भारद्वाज को इन्वेस्ट यूपी में एसीईओ की जिम्मेदारी मिली है. बागपत की डीएम अस्मिता लाल को पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है. हमीरपुर के डीएम अभिषेक गोयल को नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग में विशेष सचिव और एटा के डीएम अरविंद सिंह को खाद्य एवं रसद विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है.
इसे भी पढ़ें- ‘नौकरी पर संकट!’ UPSLDC में संविदाकर्मियों की छंटनी के प्रस्ताव को मंजूरी, भड़के कर्मचारी संघ
चुनाव से पहले फेरबदल पर चर्चा
प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, कुछ अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर शासन स्तर पर असंतोष था और चुनाव के दौरान उनकी तैनाती को लेकर भी विचार किया गया. हालांकि, सरकार की ओर से तबादलों को लेकर ऐसी कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है. इससे पहले भी सितंबर में वरिष्ठ IAS और IPS अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले हो चुके हैं.



