लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है. राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है और अगले कुछ दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भी इसके लौटने की परिस्थितियां बनने लगी हैं. हालांकि, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में बन रहे नए मौसम सिस्टम के कारण प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है.

इसे भी पढ़ें- सबने मान लिया था खत्म! दो बसों के बीच फंसा साइकिल सवार, फिर जो हुआ उसे देख आंखों पर नहीं होगा यकीन

14 जिलों में बारिश का कोटा पूरा नहीं

सीजन की बारिश पर नजर डालें तो यूपी के 14 जिले अभी भी सामान्य बारिश के आंकड़े से पीछे हैं. देवरिया में अब तक सामान्य से 75 फीसदी, कुशीनगर में 69 फीसदी, कानपुर देहात में 63 फीसदी और भदोही में 60 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है. मानसून कमजोर होने के बावजूद इन जिलों में बारिश की कमी बनी हुई है.

नदियों में अब भी तेज बहाव

पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश का असर यूपी की नदियों में अभी भी दिखाई दे रहा है. कई नदियां उफान पर हैं. ललितपुर में बेतवा नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है. तेज बहाव के बीच लोग बड़ी गाड़ियों की मदद से पुल पार करते नजर आए. वहीं उन्नाव में गलियों तक पानी पहुंचने के बाद लोगों को नावों का सहारा लेना पड़ रहा है.

21 से 26 सितंबर तक बारिश के आसार

सोमवार को प्रदेश में मौसम सामान्य तौर पर साफ रहा. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम आगे बढ़ रहा है, जिसका असर यूपी में दिखाई दे सकता है. 21 से 26 सितंबर के बीच वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- ‘नौकरी पर संकट!’ UPSLDC में संविदाकर्मियों की छंटनी के प्रस्ताव को मंजूरी, भड़के कर्मचारी संघ

24 से 26 सितंबर भारी बारिश की संभावना

पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में 24 से 26 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है. इनमें अमरोहा, संभल और रामपुर समेत आसपास के जिले शामिल हैं. लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बन गया है, जो आगे मजबूत होकर ओडिशा-आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ेगा. उनके अनुसार लौटता मानसून 23 से 25 सितंबर के बीच यूपी में फिर बारिश करा सकता है.