लखनऊ. शारदीय नवरात्रि में मिलावटखोरी रोकने के लिए उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़े पैमाने पर छापेमारी की है. ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत 8 और 9 अक्टूबर को प्रदेशभर में घी, मिल्क क्रीम, खाद्य तेल, वनस्पति और फलाहारी सामग्री के निर्माण व बिक्री केंद्रों की जांच की गई.
इसे भी पढ़ें- नवरात्र से छठ तक अलर्ट मोड में रहे पुलिस-प्रशासन, CM योगी के निर्देश- महिलाओं की सुरक्षा में न हो चूक
दो दिनों में करीब 22,642 किलोग्राम यानी 22.6 टन मिलावटी और संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की गई. इसकी अनुमानित कीमत 1.04 करोड़ रुपये है. एटा में 1,500 किलोग्राम हानिकारक पनीर नष्ट कराया गया, जबकि हापुड़ और एटा में संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए.
हापुड़ में तेल और वनस्पति से बनाई जा रही थी क्रीम
हापुड़ के लोदीपुर स्थित देव फ्रेश क्रीम प्रतिष्ठान पर छापेमारी के दौरान रिफाइंड तेल और वनस्पति मिलाकर मिल्क क्रीम तैयार करने का मामला सामने आया. टीम ने 800 किलोग्राम तैयार क्रीम, 2,000 किलोग्राम रिफाइंड तेल और 1,000 किलोग्राम वनस्पति जब्त की. प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई.
एटा में 1,500 किलो पनीर नष्ट, डेयरी पर केस
एटा की सपना डेयरी में सोयाबीन दाल, स्किम्ड मिल्क पाउडर, रिफाइंड पामोलिन ऑयल और अन्य सामग्री से कथित तौर पर सिंथेटिक पनीर तैयार किए जाने का मामला सामने आया. यहां 1,500 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया. टीम ने जांच के लिए 10 नमूने भी लिए और डेयरी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई.
लखनऊ में 13.59 टन घी जब्त
लखनऊ के अमीनाबाद स्थित मैसर्स जैन देसी घी प्रतिष्ठान से गंदगी और लेबलिंग मानकों के उल्लंघन के कारण 2,548 किलोग्राम घी जब्त किया गया. इसकी कीमत 17.53 लाख रुपये बताई गई है. वहीं, श्यामलाल चुन्नीलाल फर्म से अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा 11,040 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 68.44 लाख रुपये है. घी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं.
तेल, वनस्पति और फलाहारी आटे की भी जांच
जौनपुर में गलत लेबल वाले 1,185 किलोग्राम खाद्य तेल और औरैया में 34 टिन घी जब्त किए गए. कानपुर नगर में दो फर्मों से अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी वसा, वनस्पति तेल और रिफाइंड मूंगफली तेल की 2,496 बोतलें जब्त की गईं. हाथरस और कासगंज में भी नकली घी बनाने वालों के खिलाफ छापेमारी की गई.
इसे भी पढ़ें- ‘भस्मासुर और भाजपा’ से दूर रहें’, सपा सांसद का CM योगी के बयान पर करारा पलटवार, नौजवानों और जनता से कर दी बड़ी अपील
नवरात्रि में कुटू और सिंघाड़े के आटे की भी जांच की जा रही है, ताकि फूड पॉइजनिंग की घटनाएं रोकी जा सकें. विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि छोटे दुकानदारों और पटरी विक्रेताओं का अनावश्यक उत्पीड़न न हो. अभियान का मुख्य लक्ष्य बड़े मिलावटखोरों और नकली खाद्य उत्पाद बनाने वाली इकाइयों पर कार्रवाई करना है.

