आगरा. फतेहपुर सीकरी में एक किसान के साथ ठगी और लूटपाट का मामला सामने आया है. आरोप है कि दो बाइक सवार उसे कस्बे तक छोड़ने का झांसा देकर अपने साथ ले गए और रास्ते में उसकी नकदी लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही जा रही है.
इसे भी पढ़ें- ये डर नहीं तो और क्या! जंतर-मंतर को ‘प्रोटेस्ट साइट’ की सूची से हटाने पर अखिलेश ने सरकार को घेरा, हार करार देते हुए दिया बड़ा बयान
जानकारी के मुताबिक, ओलेंडा गांव के रहने वाले सुरेंद्र गहलोत, प्रेम सिंह के पुत्र हैं. उन्होंने हाइवे के पास स्थित मंडी में अपनी बाजरे की फसल बेची थी, जिसके बदले उन्हें 34,160 रुपये मिले. रकम सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने उसे कपड़ों की अंदरूनी जेब में रख लिया. इसके बाद वह बाईपास मोड़ तिराहे पर कस्बे की ओर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे.
इसी दौरान दो युवक बाइक से वहां पहुंचे. उन्होंने किसान को कस्बे तक पहुंचाने की बात कही और उसे अपने बीच बैठा लिया. हालांकि, कस्बे की तरफ जाने के बजाय बाइक सवार किरावली की ओर बढ़ने लगे. रास्ते में आरोपियों ने कथित तौर पर किसान की जेब से रुपये निकाल लिए और उसे बीच रास्ते में छोड़कर भाग निकले.
इसे भी पढ़ें- लौंग, चावल और मोटी चपतः युवक को खंभे में बांधकर लोगों ने दी ‘तालिबानी’ सजा, मामला जानकर रह जाएंगे हैरान
घटना के बाद पीड़ित किसान ने पुलिस से शिकायत की. सूचना मिलने पर पुलिस ने टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण किया. साथ ही, आरोपियों की पहचान करने के लिए रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है. इस मामले में एसीपी खेरागढ़ ने बताया कि घटना की सूचना मिली है. पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जानकारी जुटाई जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

