आगरा. थाना एकता क्षेत्र के गुतिला गांव में नहाते समय महिला को झांकने का विरोध करना भारी पड़ गया. विरोध करने पर 5 लोगों ने महिला के साथ मारपीट की और उसके सिर पर ईंट मारकर उसे घायल कर दिया. महिला की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने पहुंचे बेटे के साथ भी मारपीट की. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसके चलते पुलिस बल तैनात किया गया है.

इसे भी पढ़ें- खाकी का खौफ खत्म! संदिग्ध परिस्थितियों में मिली महिला की लाश, शरीर पर जुल्म के निशान, कांड के बाद जागे कानून के रखवाले

बता दें कि गुतिला गांव निवासी शमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने घर में नहा रही थी. इसी दौरान आरोप है कि गांव के पंकज और अंकित उसकी तरफ झांक रहे थे. महिला ने जब दोनों का विरोध किया तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर जितेंद्र, गुंजीत और शोरन भी वहां पहुंच गए. इस दौरान पांचों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की. इसी दौरान उसके सिर पर ईंट से वार कर दिया गया, जिससे वह घायल हो गई.

इसे भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले INDIA गठबंधन में फूट! कांग्रेस नेता ने कहा- ‘… तो हार जातीं इकरा हसन’

वहीं मारपीट और शोर की आवाज सुनकर महिला का बेटा रिहान मौके पर पहुंचा. उसने अपनी मां को बचाने की कोशिश की तो आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी. मारपीट में रिहान की आंख के पास अंदरूनी चोट आई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर पंकज, अंकित, जितेंद्र, गुंजीत और शोरन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.