लखनऊ. मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में 60 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. बुधवार रात महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका है. बृहस्पतिवार सुबह गांव के बाहर एक खाली प्लाट में झाड़ियों के बीच महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस घटना की जांच में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें- यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसा : 9 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति मुर्मू, राजनाथ सिंह और योगी ने जताया दुख, PM ने किया मुआवजे का ऐलान
महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है. हालांकि, पुलिस ने अभी दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह तथा महिला के साथ किसी आपराधिक घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
घटना को लेकर गांव के ही तीन युवकों के शामिल होने की चर्चा सामने आई है. बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी बताए जा रहे युवक शराब के नशे में थे. पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस फिलहाल उनके खिलाफ मिले तथ्यों और घटनाक्रम में उनकी भूमिका की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें- हाइवे, हादसा और हड़कंपः कार और कैंटर के बीच भिड़ंत, पिता-पुत्र ने तोड़ा दम, घटना देख सहम उठे लोग
पुलिस के मुताबिक, महिला के सिर पर चोट के निशान मिले हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और महिला के साथ किसी तरह की आपराधिक घटना हुई थी या नहीं, इसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. मामले में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल और आसपास के परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.


