लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी कैबिनेट में मंत्रियों में विभागों का बंटवारा न होने पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि क्या विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी? कमीशन बंटवारे के डबल इंजन टकरा रहे है। नए मंत्री बेचारे दर्शक दीर्घा में बैठै हैं। ये आख़िरी बार है जब BJP सत्ता में है इसीलिए ये लोग पैसा बटोरना चाहते हैं।

अखिलेश यादव ने साधा निशाना

अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि उप्र में मंत्रियों के नाम के बाद, अब क्या उनके विभागों की ‘पर्ची’ भी ऊपर से आएगी? मंत्रालयों के बंटवारे की देरी की असली वजह सिर्फ़ ये है कि मंत्रालय-विभाग की ‘कमीशन-कमाई’ के बंटवारे के डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं। दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नये मंत्री बने हैं वो बेचारे तो बस दर्शक दीर्घा में बैठकर, गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं। भाजपाई डबल इंजन बाक़ी सब मंत्रियों को ‘डब्बा’ कर देता है।

READ MORE: गोरखपुर में कानून का खौफ खत्म! पूर्व मंत्री गंगा प्रसाद निषाद पर जानलेवा हमला, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

इन भाजपाइयों की कलई खोली जाएगी

अखिलेश ने आगे कहा कि उप्र की जनता ने ठाना है कि नये मंत्रियों को जो भी मंत्रालय-विभाग मिलेगा, उस पर पूरी तरह से निगाह-निगरानी रखी जाएगी, जिससे ये नये-नवेले मंत्रीगण अपने ख़जाने न भर सकें। इस बात के लिए काग़ज़ी प्रमाण के साथ-साथ और भी आडियो-वीडियो सबूत इकट्ठे किये जाएंगे और इन भाजपाइयों की कलई खोली जाएगी। अब जनता ही भाजपाई लोगों को अपने टैक्स के पैसों की लूट करने से रोकेगी क्योंकि भ्रष्टाचार रोकने के बाक़ी सारे विभाग तो भ्रष्ट भाजपा ने बर्बाद कर ही दिये हैं। जनता को लगता है अब सोशल मीडिया और सिटिज़न जर्नलिज्म के माध्यम से ही उनको न्याय मिल सकता है।

READ MORE: यह मेरे मरने का समय नहीं था, मगर… पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर युवक ने दी जान, परिजनों में मचा कोहराम

भाजपा सरकार जानती है कि ये आख़िरी बार है जब वो सत्ता में है, इसीलिए ये भाजपाई दसों हाथों से पैसा बटोरना चाहते हैं। जागरूक जनता अब इन भाजपाइयों को उनके गंदे मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी।