मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रामनगरी मे योगी सरकार का 10वां दीपोत्सव 7 नवंबर को अयोध्या में मनाया जाएगा. दीपोत्सव से पहले राम की पैड़ी को संवारने और सजाने का काम तेज गति से चल रहा है. इस बार का दीपोत्सव बेहद खास होने जा रहा है. राम की पैड़ी पर इस बार पांच हजार से ज्यादा आमंत्रित अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की गई है. इसके लिए तीन अलग अलग मंच बनाए जा रहे हैं. साथ ही एक विशाल सेट का निर्माण भी कराया जा रहा है. राम की पैड़ी पर राजस्थान के धौलपुर के गहरे गुलाबी पत्थर बिछाने का काम तेजी से किया जा रहा है.

2017 में योगी सरकार के बनने के बाद से हर साल दीपोत्सव और भी भव्य होता जा रहा है. दीपोत्सव ने अयोध्या की छवि को देश दुनिया में निखारा है. इस बार राम की पैड़ी पर धौलपुर के पत्थर बिछाए ही नहीं जा रहे, बल्कि इन्हीं पत्थरों से सेल्फी प्वाइंट के लिए राजस्थानी संस्कृति मंडप का निर्माण भी किया जा रहा है. राम की पैड़ी पर 10 मंडप तैयार किए गए हैं. इनकी खासियत है कि पर्यटक यहां बैठकर राम की पैड़ी की सुंदरता निहार सकते हैं और सेल्फी ले सकते हैं. धौलपुर के गुलाबी पत्थरों की खासियत है कि ये जितने घिसते हैं, उतनी ही इनमें चमक आती है और ये लंबे समय तक टिके रहते हैं.

इसे भी पढ़ें- ‘किसी के पति बाहर हैं, तो मैं…’, करवा चौथ पर युवक ने सोशल मीडिया पर किया विवादित पोस्ट, भड़क उठे हिंदू संगठन

इस बार पिछले दीपोत्सव से ज्यादा मेहमानों को आमंत्रित किया जा रहा है. ये वीआईपी अतिथि विभिन्न क्षेत्रों से आएंगे, जिनमें कई देशों के मेहमान भी शामिल होंगे. इनके बैठने के लिए तीन अलग अलग मंच बनाए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे, जिन्हें आमंत्रण भेजा गया है.

मुख्यमंत्री और मुख्य अतिथि के लिए 52 गुने 28 का विशाल मंच बनाया गया है. दूसरा मंच 16 गुने 40 का बनाया जा रहा है, जिसमें साधु संत और अतिथि बैठेंगे. इसके अलावा कुछ ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें अन्य लोग बैठेंगे. इस तरह पांच से छह हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, जो पिछले साल से करीब दो हजार ज्यादा है. मंच निर्माण कर रहे संजय पाल का कहना है कि जरूरत पड़ने पर मंच का विस्तार भी किया जा सकता है. मंच के पास रंग बिरंगी टाइल्स से सजे विशाल अर्ध घड़े का भी निर्माण किया गया है.

इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी की जेबी कांग्रेस एंड कंपनी की… केशव मौर्य ने ‘जन महाभियोग’ बैठक को राजनीतिक नौटंकी बताते हुए साधा निशाना, दिया बड़ा बयान

दीपोत्सव को राज्य मेला का दर्जा प्राप्त है. राम की पैड़ी को आकर्षक बनाने के लिए अलग अलग थीम तैयार की गई हैं. जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी लगातार राम की पैड़ी का निरीक्षण कर रहे हैं. उनका कहना है कि इस बार का दीपोत्सव अलग और खास होगा. निर्माण कार्य लगभग पूरा होने पर है। दीपोत्सव में ड्रोन शो बेहद खास होगा, वहीं रामपथ पर झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी.