मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. अयोध्या के छावनी (कैंट) क्षेत्र और उसके आसपास तेंदुए की लगातार आवाजाही से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है. हाल ही में तेंदुए को कोबरा आर्मी प्री स्कूल के पीछे स्थित जंगल में कई बार देखा गया है, जिसके बाद प्रशासन और वन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है.
इसे भी पढ़ें- ‘आप गिनते रहिए, हम नौकरियां देते जाएंगे’… CM योगी ने 3567 अभ्यर्थियों को सौंपा नियुक्ति पत्र, अखिलेश को दी ‘गिनती गिनने’ की चुनौती
वन विभाग की टीमों द्वारा तेंदुए की गतिविधियों और उसके पदचिह्नों (पगमार्क) का लगातार पीछा किया जा रहा है. जांच में सामने आया है कि तेंदुआ गुप्तारघाट, निर्मली कुंड से लेकर सरयू निवास तक के इलाकों में आवाजाही कर रहा है और तीन से चार छोटे जंगलों को पार करते हुए उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है. तेंदुए को खासकर शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे के बीच लगभग 2 किलोमीटर के दायरे में सक्रिय देखा गया है.
पकड़ने के लिए वन विभाग ने कसी कमर
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जंगल में पिंजड़ा लगा दिया है और उसके सही मूवमेंट का पता लगाने के लिए ट्रैप कैमरों की लोकेशन बदलकर निगरानी तेज कर दी है. वन विभाग की दो विशेष टीमें पदचिह्नों के सहारे क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें- खाकी ने मार डाला! UP पुलिस की कस्टडी में युवक की मौत पर चंद्रशेखर ने उठाए सवाल, CM योगी से पूछा सवाल
तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शाम के समय अकेले बाहर न निकलें, बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा का ध्यान रखें और सतर्कता बरतें. वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को जल्द से जल्द सुरक्षित पकड़ने के पूरे प्रयास जारी हैं.



