मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. शहर के देवकाली स्थित डॉ. बृजकिशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में बीएचएमएस (BHMS) के इंटर्न छात्र-छात्राएं धरने पर बैठ गए हैं. छात्रों का कहना है कि उन्हें हर महीने केवल 7,500 रुपये का स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जो आज की महंगाई और अस्पताल में ड्यूटी के घंटों को देखते हुए बेहद कम है.

इसे भी पढ़ें- शिक्षा के मंदिर में जाति की दीवार! शिक्षिका ने जातिगत अपमान कर छात्र को नहीं दी पुस्तक, कांग्रेस ने भाजपा, पर बोला तीखा हमला

​25,000 रुपये स्टाइपेंड की मांग

प्रदर्शनकारी छात्रों की मुख्य मांग है कि उनका स्टाइपेंड बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रति माह किया जाए, ताकि यह अन्य चिकित्सा पद्धतियों (जैसे एमबीबीएस) के इंटर्न के बराबर हो सके. छात्रों का कहना है कि वे भी मरीजों की सेवा में उतनी ही मेहनत करते हैं, फिर भी उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है. इस आंदोलन को प्रदेशभर के आयुष (आयुर्वेद, यूनानी व होम्योपैथी) कॉलेजों के छात्रों का भी समर्थन मिल रहा है. छात्रों ने साफ़ कर दिया है कि जब तक शासन की ओर से लिखित में मानदेय बढ़ाने का आदेश नहीं मिलता, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा. यदि मांग पूरी नहीं हुई तो वे OPD और IPD सेवाओं का पूर्ण बहिष्कार करने को मजबूर होंगे.

इसे भी पढ़ें- योगी जी, छात्रों के दमन के बजाय… TGT-PGT अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज होने पर भड़के चंद्रशेखर, सरकार को सुना दी खरी-खोटी

​प्राचार्य ने मांग को बताया जायज़

मामले पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह ने कहा कि सभी दाखिले आयुष NEET काउंसलिंग के ज़रिए होते हैं और छात्रों की मांग पूरी तरह जायज़ है. उन्होंने बताया कि छात्रों का ज्ञापन वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है और आयुष डायरेक्टर से छात्रों की फोन पर वार्ता भी कराई गई है. डायरेक्टर ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है, हालांकि छात्र लिखित आदेश की मांग पर अड़े हुए हैं.