मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी की मां के अंतिम संस्कार के दौरान अयोध्या पुलिस की कार्रवाई ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. श्रद्धांजलि देने घाट पर पहुंचे भाजपा नेताओं की गाड़ियों का पुलिस ने धड़ाधड़ चालान काट दिया, जिसके बाद पुलिस और नेताओं के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हो गई. जानकारी के मुताबिक, हरीश द्विवेदी की मां के निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार अयोध्या में किया जा रहा था. इस दौरान उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बस्ती समेत आसपास के जिलों से कई बड़े भाजपा नेता घाट पर पहुंचे थे.
इसे भी पढ़ें- 2027 में समाजवादी पार्टी को सत्ता से…मंत्री दानिश आजाद अंसारी का बड़ा बयान, अखिलेश यादव के बयान पर किया करारा पलटवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान अयोध्या पुलिस ने घाट पर खड़ी गाड़ियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी. बस्ती के भाजपा जिला महामंत्री अमृत वर्मा के वाहन का भी चालान काट दिया गया, जिस पर उन्होंने कड़ा विरोध जताया. देखते ही देखते पुलिस और जिला महामंत्री के बीच तीखी नोक-झोंक शुरू हो गई. इस घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पुलिसकर्मी और भाजपा नेता के बीच बहस साफ नजर आ रही है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, 865 करोड़ में आपके जेब में कितना गया? ओपी राजभर JPNIC को लेकर सपा सुप्रीमो को घेरा, पूछे तीखे सवाल
अंतिम संस्कार जैसे गमगीन मौके पर पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है. सवाल उठ रहा है कि क्या शोकसभा के दौरान इस तरह की सख्ती जरूरी थी? वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार की गई है. फिलहाल यह मामला अयोध्या से लेकर लखनऊ तक सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है.

