मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अयोध्या पहुंचे. जहां एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य के विकास, कानून व्यवस्था और विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला. अयोध्या के विकास और कायाकल्प पर बात करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि अयोध्या धाम को विश्वस्तरीय रूप से विकसित करने और इसे नंबर वन स्थान पर लाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अभूतपूर्व काम हुआ है. उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया.

इसे भी पढ़ें- यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 35 IPS और 31 PPS अफसरों के तबादले; कई जिलों में बदली जिम्मेदारी

समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा शासनकाल में उत्तर प्रदेश की पहचान एक ‘बीमारू राज्य’ के रूप में होती थी. कानून व्यवस्था और विकास के मामले में प्रदेश पीछे था, लेकिन आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार में उत्तर प्रदेश ‘रेवेन्यू सरप्लस’ राज्य बन चुका है. आज उत्तर प्रदेश विकास, बेहतर कानून व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में पूरे देश में नंबर वन राज्य बनकर उभर रहा है.

इसे भी पढ़ें- UP एटीएस ने वाराणसी में कुख्यात नक्सली कमांडर बृजेश गंजू को मार गिराया, 30 लाख का इनाम था

​विपक्षी नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग केवल सत्ता की भूख की वजह से परेशान और बौखलाए हुए हैं. सच्चाई वे भी अच्छी तरह जानते हैं कि प्रदेश में कितना बदलाव आया है. उन्होंने जनता से अपील की कि वे 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और आज के उत्तर प्रदेश का तुलनात्मक अध्ययन करें, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. ​आगामी राजनीतिक संभावनाओं और चुनावों पर बात करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पूर्ण विश्वास जताया कि जनता का भरोसा भाजपा के साथ है और पार्टी आगे भी प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी.