लखनऊ. योगी सरकार ने शनिवार (19 सितंबर 2026) शाम उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया. शासन ने 35 IPS और 31 PPS अधिकारियों के तबादले किए हैं. इस बदलाव में लखनऊ, कानपुर नगर, आगरा, गौतमबुद्धनगर, वाराणसी और प्रयागराज कमिश्नरेट समेत कई जिलों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं. इसके अलावा पुलिस मुख्यालय, CID, इंटेलिजेंस मुख्यालय और PAC में तैनात अफसरों का भी कार्यक्षेत्र बदला गया है.
इसे भी पढ़ें- UP एटीएस ने वाराणसी में कुख्यात नक्सली कमांडर बृजेश गंजू को मार गिराया, 30 लाख का इनाम था
चारू निगम को PAC गाजियाबाद की जिम्मेदारी
चारू निगम को SP यूपी-112 लखनऊ के पद से हटाकर 47वीं वाहिनी PAC गाजियाबाद का सेनानायक बनाया गया है. वहीं श्रवण कुमार सिंह को DCP कानपुर नगर से स्थानांतरित कर DCP गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी दी गई है. फेरबदल में कई युवा अधिकारियों को जिलों में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनाती दी गई है.
श्रुति श्रीवास्तव बनीं प्रयागराज की ADCP
श्रुति श्रीवास्तव को प्रयागराज का अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) बनाया गया है. महाकुंभ के दौरान उनके एक वीडियो इंटरव्यू की चर्चा हुई थी, जिसमें उन्होंने काशी पहुंची अभिनेत्री रवीना टंडन से बातचीत की थी. अब उन्हें प्रयागराज में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
आगरा और गौतमबुद्धनगर में भी बदलाव
साद मिया खां और सैय्यद अली अब्बास की तैनाती में बदलाव करते हुए आगरा और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की जिम्मेदारियों की अदला-बदली की गई है. इससे दोनों कमिश्नरेट में पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव हुआ है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में कमजोर पड़ा मानसून, 6 जिलों में बारिश का अलर्ट; 22 सितंबर से मौसम साफ
2014 से 2022 बैच के अफसर भी शामिल
तबादला सूची में 2014 से 2022 बैच तक के IPS अधिकारियों के साथ-साथ PPS कैडर से प्रमोट होकर IPS बने अधिकारी भी शामिल हैं. शासन ने अलग-अलग इकाइयों में तैनात अफसरों को नई जिम्मेदारियां दी हैं. माना जा रहा है कि इस फेरबदल के जरिए पुलिस प्रशासन में जिम्मेदारियों का पुनर्गठन किया गया है.



