मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. महार्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्याधाम की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत और अत्याधुनिक बना दिया गया है. यात्रियों और विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट को एक अत्याधुनिक Airfield Rescue and Fire Fighting (ARFF) फायर टेंडर वाहन उपलब्ध कराया गया है, जिसके शामिल होने से एयरपोर्ट की अग्निशमन और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता कई गुना बढ़ गई है.
एयरपोर्ट निदेशक धीरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अत्याधुनिक ARFF वाहन दुबई से आयातित किया गया है और इसे दुनिया की प्रमुख फायरफाइटिंग उपकरण बनाने वाली कंपनी NAFFCO ने विशेष रूप से तैयार किया है. इस हाईटेक वाहन की अनुमानित लागत करीब 6.7 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें- ब्रजेश पाठक जी ये इंसान है या जानवर! लावारिस मरीज को जमीन पर घसीटने का VIDEO वायरल, सुशासन’राज’ में ऐसे ही होगा इलाज
इस वाहन की सबसे बड़ी खासियत इसकी क्षमता और रफ्तार है. करीब 36 टन वजन वाले इस दमदार वाहन में 10 हजार लीटर पानी रखने की क्षमता है, जो किसी भी बड़ी विमान दुर्घटना या आगजनी की स्थिति में काफी अहम साबित होगी. वाहन में दो शक्तिशाली फायरफाइटिंग मॉनिटर लगाए गए हैं, जिसमें एक आगे बंपर पर और दूसरा वाहन की छत पर स्थित है, जिससे चारों तरफ से आग पर काबू पाया जा सकेगा.
तेज गति इस वाहन की एक और बड़ी ताकत है. इतने भारी-भरकम होने के बावजूद यह वाहन 115 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में यह कुछ ही मिनटों में रनवे पर घटनास्थल तक पहुंच जाएगा. अत्याधुनिक तकनीक और उपकरणों से लैस होने के कारण यह वाहन रात हो या दिन, हर परिस्थिति में तुरंत रिस्पॉन्ड करने में सक्षम है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, हो गया टांय-टांय फिस्स! राज्यसभा चुनाव को लेकर ओपी राजभर ने कसा तंज, जानिए सपा सुप्रीमो ऐसा क्या कहा?
एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक इस नए ARFF वाहन के एयरपोर्ट के बेड़े में शामिल होने से अयोध्या एयरपोर्ट की विमान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप और अधिक मजबूत हो गई है और भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट पूरी तरह से तैयार है.

