मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आलिया जुबैरी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद हड़कंप मच गया है. यह पूरा विवाद पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि नौबत हाथापाई और जानलेवा हमले तक पहुंच गई.

इसे भी पढ़ें- ‘हिम्मत है तो अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं योगी जी’ : अखिलेश ने CM को दी चुनौती, सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 40000 देने का वादा

राज्यसभा सांसद रह चुकी डॉ. आलिया जुबैरी ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा है कि उनके ही करीबी रिश्तेदार अकबर अली मेजर और उनके भाई फैसल वारसी ने अपने साथी गुंडों के साथ मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया. अचानक हुए इस हमले से वह काफी आहत हैं और उन्होंने इसे सोची-समझी साजिश बताया है. वायरल वीडियो में भी कुछ लोगों द्वारा उनके साथ अभद्रता करते हुए देखा जा सकता है.

घटना के बाद डॉ. आलिया जुबैरी न्याय की गुहार लगाते हुए अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद के घर पहुंचीं और वहां अपना दर्द बयां किया. उन्होंने कहा कि एक पूर्व सांसद के साथ जब इस तरह की घटना हो सकती है तो आम महिलाओं की सुरक्षा का क्या हाल होगा. उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है.

इसे भी पढ़ें- देशद्रोही वामपंथियों का…चुनाव आयोग और मोदी सरकार पर हमले को लेकर केशव मौर्य ने किया पलटवार, देशद्रोही बताते हुए दिया बड़ा बयान

डॉ. जुबैरी ने साफ तौर पर कहा है कि वह इस पूरे मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और देश के गृह मंत्री से मिलकर शिकायत करेंगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगी. वहीं इस घटना की सूचना अयोध्या कैंट पुलिस को दे दी गई है. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.