मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. जिले के थाना खंडासा क्षेत्र के खंडासा बाजार से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मंदबुद्धि युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. मिली जानकारी के अनुसार, मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक नौबत आ गई. पीड़ित के पिता के मुताबिक, उनके बेटे मनीष की साइकिल में बाइक से टक्कर लगने के बाद कहासुनी शुरू हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव में हिम्मत नहीं कि… अयोध्या पहुंचकर असम के CM हिमंत बिस्वा ने सपा सुप्रीमो को दी चुनौती, जानिए ऐसा क्या कहा?

आरोप है कि कोटेदार विजय कुमार कौशल ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर मंदबुद्धि युवक मनीष की जमकर पिटाई कर दी. इतना ही नहीं, बेटे की पिटाई की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे उसके पिता के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की. घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराने की कोशिश की.

इसे भी पढ़ें- भविष्य की इमारत या भ्रष्टाचार की बुनियाद! उद्घाटन से पहले ही 1.30 करोड़ की लागत से बन रहे स्कूल का गिरा बारजा, ये है योगी जी आपका सुशासन?

मारपीट की यह पूरी घटना किसी ने अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में कार्रवाई की गई. पुलिस ने इस मामले में कोटेदार विजय कुमार कौशल और उनके पुत्रों रवि, दिलीप, सुरेंद्र और वीरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.