मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अयोध्या दौरे पर पहुंचे थे. ऐसे में एक बार फिर पोस्टरबाजी देखने को मिली है. अयोध्या के अलग-अलग इलाकों में अखिलेश यादव और सपा के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं, जो अब सोशल मीडिया में वायरल है. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि एक बार फिर पोस्टवार की राजनीति देखने को मिल सकती है.

इसे भी पढ़ें- UP में कोई सुरक्षित है योगी जी? पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आलिया जुबैरी पर जानलेवा हमला, VIDEO वायरल

पोस्टरों में अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ तीखे सवाल लिखे गए हैं. पोस्टर में लिखा है कि राम भक्तों से कब माफी मांगेंगे अखिलेश? राम भक्तों पर गोली चलाने के पाप का प्रायश्चित कब करेंगे सपाई? हिंदू आस्था पर बार-बार चोट पहुंचाने के लिए कब मांगेंगे माफी? खास बात ये है कि इन पोस्टरों में सवालों के साथ-साथ विभिन्न समाचार पत्रों की पुरानी खबरों की कटिंग भी लगाई गई है, ताकि राम मंदिर आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की याद दिलाई जा सके.

इसे भी पढ़ें- ‘हिम्मत है तो अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं योगी जी’ : अखिलेश ने CM को दी चुनौती, सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 40000 देने का वादा

बताया जा रहा है कि ये पोस्टर अयोध्या के प्रमुख चौराहों और दीवारों पर रातों-रात लगाए गए हैं. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये पोस्टर किस संगठन या व्यक्ति ने लगवाए हैं. अखिलेश यादव के दौरे से पहले लगे इन पोस्टरों के बाद अयोध्या में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. सपा खेमे की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.