मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. धार्मिक नगरी अयोध्या में 5 नवंबर से 8 नवंबर तक सरयू तट पर आयोजित होने वाले 10वें दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं. अवध यूनिवर्सिटी के वीसी त्रिजेंद्र सिंह ने बताया कि इस साल दीपोत्सव में सरयू तट पर 27 लाख दीयों को जलाने की तैयारी है.

इसे भी पढ़ें- उधार मांगने की खौफनाक सजाः पिता-पुत्र ने दुकानदार पर डीजल डालकर जलाया, जानिए हैवानियत के पीछे की पूरी कहानी

दरअसल पिछले साल 26 लाख से ज्यादा दीये प्रज्ज्वलित हुए थे. उन्होंने बताया कि अवध यूनिवर्सिटी के संबद्ध कॉलेजों, निकटवर्ती इंटर कॉलेजों व यूनिवर्सिटी कैंपस के कॉलेजों के प्राचार्यों व विभागाध्यक्षों की बैठक में तैयारी का प्रारूप तैयार कर लिया गया है. दीयों को जलाने में इस साल करीब 35 हजार वॉलंटियर्स लगेंगे, जिनका रजिस्ट्रेशन अगले सप्ताह से शुरू हो जाएगा. पिछले 9 साल से दीपोत्सव में लाखों की संख्या में दीयों को जलाने की जिम्मेदारी अवध यूनिवर्सिटी ही निभा रही है और हर साल गिनीज बुक में रिकॉर्ड भी बन रहा है.

सेक्टर में बांटे जाएंगे घाट

दीपोत्सव के दौरान सभी घाट अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किए जाएंगे. हर घाट पर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित महाविद्यालयों और विद्यालयों के प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी जा रही है. घाटों पर पर्याप्त पेयजल व स्वच्छता व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर स्वयंसेवकों को हाइटेक आईडी दी जाएगी. पिछले साल करीब 5 हजार छात्राओं ने भी वॉलंटियर के तौर पर दीपोत्सव में भागीदारी की थी. इस साल उनकी संख्या बढ़ सकती है.

इसे भी पढ़ें- जान ले गई जल्दबाजीः गैस के कैप्सूल टैंकर से जा भिड़े बाइक सवार 2 भाई, दोनों का हाल देखकर चीख पड़े लोग

साल-दर-साल दीपोत्सव

2021- 9,41,00

2022- 15,76,000

2023- 22,23,000

2024- 25,12,000

2025- 26,17,215

स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी शुरू की

सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में कुल 14 अस्थायी स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए जाएंगे. ये शिविर 5 से 8 नवंबर तक संचालित रहेंगे. इनके लिए 45 चिकित्सा अधिकारी, 45 फार्मासिस्ट और 45 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी. एंबुलेंस भी तैनात की जाएगी.