मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. दीपोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इस बार दीपोत्सव से पहले शहर की कई प्रमुख पर्यटन परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें सबसे अहम राम मंदिर के ठीक पीछे दुराही कुआं स्थित प्राचीन ठाकुर राम-जानकी नई पंचायती मंदिर का जीर्णोद्धार है. पर्यटन विभाग की 1.26 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद और उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड की इकाई-11 मिलकर काम कर रही है. मंदिर का कायाकल्प इस तरह से किया जा रहा है कि इसकी प्राचीनता भी बनी रहे और श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं भी मिलें.
इसे भी पढ़ें- ‘अब तो अयोध्या आते रहेंगे…’ रामनगरी बनेगा सपा का ‘वॉर रूम’, यही होगा सत्ताइस का सेंटर? क्या खिचड़ी पका रहे अखिलेश
तीर्थ विकास परिषद के सीईओ ने बताया कि इस परियोजना के तहत केवल मंदिर भवन का जीर्णोद्धार ही नहीं, बल्कि पूरे परिसर का समग्र पर्यटन विकास किया जा रहा है. इसमें श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, जगह-जगह दिशासूचक पट्टिकाएं, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और परिसर का सौंदर्यीकरण शामिल है.
इसे भी पढ़ें- मोहब्बत के लिए मौत से खिलवाड़ः ‘बसंती’ ने शादी से इंकार किया तो टावर पर चढ़ा ‘वीरू’, फिर जो हुआ…
अधिकारियों के अनुसार, मंदिर के मुख्य संरचनात्मक कार्य 100 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं. अब केवल फिनिशिंग, रंग-रोगन और लाइटिंग का अंतिम काम बचा है. कुल मिलाकर लगभग 92 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और अगले कुछ दिनों में इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा. दीपोत्सव तक इस मंदिर के पूरी तरह तैयार हो जाने से अयोध्या आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को एक और दर्शनीय और सुविधाजनक धार्मिक स्थल मिल जाएगा, जो रामनगरी के पर्यटन मानचित्र को और अधिक भव्य बनाएगा.

