बागपत. जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया, जहां प्रेमिका के शादी से इनकार करने पर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक अपनी प्रेमिका को शादी के लिए मनाने बलिया से बागपत पहुंचा था. काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा और दोनों के बीच बातचीत कराकर मामला शांत कराया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.
बता दें कि बलिया जिले के तिवारीके मिल्की गांव का रहने वाला विशाल गुजरात की एक कंपनी में काम करता था. इसी दौरान उसकी मुलाकात बिजनौर की रहने वाली सुजाता से हुई. साथ काम करते-करते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे. कुछ समय बाद सुजाता गुजरात छोड़कर बागपत के आदमपुर गांव में अपनी बहन के पास आकर रहने लगी. विशाल चाहता था कि सुजाता दोबारा उसके साथ रहने लगे और दोनों शादी कर लें. हालांकि, विवाह की तारीख तय करने को लेकर उनके बीच मतभेद पैदा हो गए.
इसे भी पढ़ें- राम की आड़ में राजनीति! रामलला के दर्शन न करने को लेकर अखिलेश पर ओपी राजभर का तंज, जानिए क्यों कहा कि दाढ़ी-टोपी रूठ जाती
सुजाता जल्द शादी करना चाहती थी, लेकिन विशाल ने कहा कि वह पहले अपनी बहन का विवाह कराएगा और उसके बाद ही सुजाता से शादी करेगा. इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. नाराज सुजाता ने फिलहाल शादी करने से इनकार कर दिया और विशाल को वापस जाने को कहा. लेकिन वह वापस नहीं गया और सुजाता को मनाने की कोशिश की.
सुजाता को मनाने में नाकाम रहने के बाद विशाल बागपत के बामनौली पहुंचा. यहां उसने मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया. युवक को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवक से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने विशाल को टावर से नीचे उतारा.
इसे भी पढ़ें- सपा, संत और सियासतः दिवाकराचार्य ने अखिलेश यादव के बयान पर किया करारा पलटवार, पूछा- अयोध्या से हारेंगे या गोरखपुर से ?
युवक के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने विशाल और सुजाता के बीच बातचीत कराई. इस दौरान दोनों के बीच इस बात पर सहमति बनी कि विशाल पहले अपनी बहन की शादी करेगा और उसके बाद सुजाता से विवाह करेगा. मामला शांत होने के बाद पुलिस ने विशाल को समझाया और उसे वापस बलिया भेज दिया. इस तरह मोबाइल टावर पर चढ़ने से शुरू हुआ विवाद बातचीत और आपसी सहमति के बाद समाप्त हो गया.

