अनूप मिश्रा, बहराइच. थाना बिशेश्वरगंज क्षेत्र के पुरैना गांव में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे एक हृदयविदारक घटना सामने आई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय छैलू पुत्र भगवानदीन ने कथित तौर पर अपनी मां कन्या देवी पत्नी भगवानदीन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, समझाइए अपने गुंडों को…मंदिर के पुजारी और बेटे पर हुए हमले को लेकर ओपी राजभर ने साधा निशाना, जानिए ऐसा क्या कहा?

मृतका के पति भगवानदीन ने बताया कि उनका पुत्र छैलू घर और खेत के कामों में हाथ नहीं बंटाता था. वह अधिकांश समय घर से बाहर घूमता रहता था. उनके अनुसार, गुरुवार सुबह जब वह आटा लेने जा रहे थे. उस समय छैलू भोजन को लेकर अपनी मां से विवाद कर रहा था, जो उसके लिए सामान्य बात थी. जब वह वापस घर लौटे तो उनकी पत्नी खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थीं.

घटना के प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि कन्या देवी अपने पिता को चाय देने जा रही थीं. इसी दौरान पीछे से छैलू ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से उनकी पीठ के बगल वार किया. जैसे ही वह पलटीं, उसने उनके हाथ पर भी वार कर दिया, जिससे वह पेट के बल गिर पड़ीं. आसपास के लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आरोपी ने कुल्हाड़ी लेकर उन्हें भी दौड़ा लिया. इसके बाद उसने कथित तौर पर उनकी गर्दन पर भी वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

इसे भी पढ़ें- समस्या, सुनवाई और समाधानः CM योगी ने जनता दर्शन में सुनीं लोगों की तकलीफें, गंभीर बीमारियों को लेकर दिए अहम निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार द्विवेदी पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षिता तिवारी फॉरेनसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी छैलू को हिरासत में ले लिया. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.