बलरामपुर. मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गुप्त नवरात्र के पावन अवसर पर तुलसीपुर स्थित देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की. उन्होंने मां पाटेश्वरी के चरणों में शीश नवाकर स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध उत्तर प्रदेश के लिए प्रार्थना की.
इसे भी पढ़ें- खेल-खेल में आई मौतः घर के बाहर खेल रहे बच्चे की सांप के डसने से मौत, दिल दहला देने वाला VIDEO वायरल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के साथ मां की आरती भी उतारी. दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता को लेकर आवश्यक निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया.
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए. सीएम योगी ने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उन्हें चॉकलेट भेंट कर स्नेह व्यक्त किया. उनका यह सहज और स्नेहिल व्यवहार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा. गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में मुख्यमंत्री योगी ने मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पहुंचकर गो माता की सेवा भी की. उन्होंने गायों को अपने हाथों से गुड़ और हरा चारा खिलाया तथा गोसेवा के महत्व का संदेश दिया.
इसे भी पढ़ें- सपा सरकार का हाल भूल गए क्या अखिलेश जी? OP राजभर का सपा सुप्रीमो पर हमला, पेपर लीक प्रदर्शन को लेकर लगाए गंभीर आरोप
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बहराइच और श्रावस्ती में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद बलरामपुर पहुंचे थे. उन्होंने देवीपाटन मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया. बुधवार सुबह मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन के पश्चात उन्होंने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संत-महात्माओं से भी मुलाकात की. दर्शन-पूजन के दौरान महंत मिथिलेश नाथ योगी और कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास सहित अन्य संतजन उपस्थित रहे. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के लिए रवाना हो गए.


