अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जिले के धानापुर कस्बे में जहरीले सांप के डसने से 3 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.

इसे भी पढ़ें- सपा सरकार का हाल भूल गए क्या अखिलेश जी? OP राजभर का सपा सुप्रीमो पर हमला, पेपर लीक प्रदर्शन को लेकर लगाए गंभीर आरोप

बता दें कि धानापुर कस्बा निवासी पवन सेठ के तीन वर्षीय पुत्र रघुनाथ सेठ मंगलवार रात करीब 9 बजे अपने घर के बाहर खेल रहा था. इसी दौरान घर के पास रखे करकट (कबाड़) में छिपे एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया. सांप के डसते ही बालक अचेत हो गया और कुछ ही देर में विष उसके पूरे शरीर में फैल गया. शुरुआत में परिजनों को किसी विषैले जीव के काटने की आशंका हुई, लेकिन जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई तो उसमें स्पष्ट रूप से सांप द्वारा बालक को डसने की घटना कैद मिली.

इसे भी पढ़ें- ‘नो’ रिस्क के मूड में BJP: बूथ स्तर पर खुद को मजबूत करेगी भाजपा, जानिए 27 की सत्ता हासिल करने का ‘मास्टरप्लान’?

इसके बाद परिजन तत्काल उसे स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया. परिजन मासूम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों की यह सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.