बरेली. यूपी पुलिस की कार्रवाई का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. छड़ी और व्हीलचेयर के सहारे चलने वाली 80 साल की वृद्धा पर शांतिभंग की आशंका में पुलिस ने मुचलका पाबंद कर दिया. मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने सात सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच के आदेश दिए हैं.

इसे भी पढ़ें- ‘भस्मासुर और भाजपा’ से दूर रहें’, सपा सांसद का CM योगी के बयान पर करारा पलटवार, नौजवानों और जनता से कर दी बड़ी अपील

बता दें कि मामला बरेली के जमुनिया गांव का है, जहां रहने वाली रामा देवी की उम्र करीब 80 वर्ष है. उनके पति का काफी समय पहले निधन हो चुका है. एक युवक ने उनकी जमीन पर लगे पेड़ों को काटकर बेच दिया गया था. इस मामले में उन्होंने देवरनियां थाने पहुंचकर संबंधित युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की.

हद तो तब हो गई जब उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उन्हें और आरोपी युवक को शांतिभंग की आशंका के चलते मुचलका पाबंद कर दिया. इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि जो वृद्धा छड़ी या व्हीलचेयर के सहारे चलती हैं, उनसे शांतिभंग की आशंका किस आधार पर जताई गई.

इसे भी पढ़ें- पंडित जी भाजपा को खतरा है या सनातन को! ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर भड़के रामादल ट्रस्ट के अध्यक्ष, जानिए ऐसा क्या कहा?

पुलिस की कार्रवाई से परेशान रामा देवी ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह के समक्ष अपनी शिकायत रखी. वृद्धा ने बताया कि उनकी शिकायत पर डीएम ने 7 सदस्यीय कमेटी गठित कर पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं.