अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जिले के विकास खंड सदर क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में अल सुबह हुई बड़ी चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी और लगभग 25 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है, जबकि ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है.
इसे भी पढ़ें- अगर सच में हिम्मत है, तो…’PDA ऑडिट’ जारी करने पर पंकज चौधरी का अखिलेश पर तंज, युवाओं को ठगने का लगाया आरोप
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुनील पाण्डेय के घर देर रात अज्ञात चोर घुस आए. आरोप है कि चोरों ने घर में प्रवेश करने के बाद दरवाजे की कुंडी बंद कर दी और आराम से वारदात को अंजाम दिया. सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था. चोर करीब 50 से 60 हजार रुपये नगद और लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए. चोरी हुए सामान में सोने के हार, कंगन, कान के कई जोड़ी आभूषण, अन्य कीमती जेवरात और महंगी साड़ियां शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें- ‘सांसद जी हम घर नहीं जाएंगे, घरवाली कह रही, लाइन नहीं चालू करा पा रहे, क्या भाजपा नेता हो?’
ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त नहीं होने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है. सूचना मिलते ही नवही चौकी प्रभारी तरुण कश्यप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और गांव में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.

