अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. उत्तरप्रदेश सरकार में आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कानून का राज है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.

इसे भी पढ़ें- टूट जाएगी UP के लड़कों की जोड़ी! OP राजभर ने अखिलेश यादव पर कसा करारा तंज, आप का जिक्र कर सीट बंटवारे को लेकर पूछा सवाल

अखिलेश यादव ने अपने X हैंडल पर प्रदेश की कानून व्यवस्था और ग्रेटर नोएडा में अल्पसंख्यक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधे जाने के सवाल पर मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि अपराधियों को पाताल से भी खोजकर लाया जाएगा और उन्हें ऐसी सजा मिलेगी कि उनकी रूह कांप जाएगी. उन्होंने अखिलेश यादव को अपने गिरेबां में झांकने की नसीहत देते हुए कहा कि उनके शासनकाल में अपराध और माफियाराज की पहचान थी. योगी सरकार ने अपहरण, लूट और रंगदारी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया है. उन्होंने कहा कि किसी भी वर्ग के साथ अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और प्रदेश की बहन-बेटियां अब रात में भी सुरक्षित घर लौट रही हैं.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश का बड़ा ऐलान: सत्ता में आए तो 3 महीने में जातीय जनगणना, महिलाओं को देंगे 40 हजार

वहीं हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हुई घटना को लेकर राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दलित विरोधी बताए जाने पर भी मंत्री ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि दलित समाज के लोग हमारे भाई हैं और उनका पूरा सम्मान है. राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि हर बात को तूल देना उनका विषय बन गया है. जाति के नाम पर समाज को भड़काने वाले बयान नहीं दिए जाने चाहिए.