अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. सपा सांसद वीरेंद्र सिंह किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सपा प्रतिनिधिमंडल के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा. इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान सिंचाई, बिजली और खाद जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध लेने के बजाय केवल दावे कर रही है.
सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि 19 जुलाई को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में जो भी निर्णय लिया जाएगा, गठबंधन के सभी दल उसी रणनीति के तहत आगे बढ़ेंगे. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी की रीढ़ हमेशा मजबूत रही है, न कभी झुकी है और न ही आगे झुकेगी.
इसे भी पढ़ें- सरकार के समर्थन में सपा! महिला आरक्षण और ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर अखिलेश यादव का मिलेगा साथ, ओपी राजभर का बड़ा दावा
कांग्रेस नेता इमरान मसूद के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें विपक्षी गठबंधन में फूट डालने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन उनका यह प्रयास सफल नहीं होगा. वहीं सपा नेता आज़म खान के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी उनके साथ खड़ी थी, आज भी खड़ी है और भविष्य में भी उनके साथ रहेगी.
वाराणसी कॉरिडोर के मुद्दे पर सांसद ने कहा कि विकास का वह विरोध नहीं करते, लेकिन यदि विकास की कीमत पर गरीब, वंचित और कमजोर वर्गों की अनदेखी की जाए तो ऐसा विकास अधूरा माना जाएगा. जिले की नहरों में पर्याप्त पानी नहीं है, बिजली व्यवस्था बदहाल है और लो-वोल्टेज के कारण निजी नलकूप भी संचालित नहीं हो पा रहे हैं. कर्मनाशा और चंद्रप्रभा नदी से जुड़ी सिंचाई व्यवस्था प्रभावित है तथा नारायणपुर, भूपौली और गंगा नदी के पंप कैनाल भी ठीक से संचालित नहीं हो रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- संभल जाओ UP वालों! फिर लौटा आया कोरोना, 32 वर्षीय महिला मिली कोरोना पॉजिटिव, अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग
उन्होंने साधन सहकारी समितियों पर खाद की कमी का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी किसानों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी.

