अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. बलुआ थाना क्षेत्र के इटवा गांव में बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. चोरी के दौरान घर में सो रहे 17 वर्षीय बीमार किशोर पर चोरों ने हमला भी कर दिया. किशोर के मुंह पर स्प्रे छिड़कने के बाद विरोध करने पर उसके सिर और पीठ पर वार किया. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.
इसे भी पढ़ें- चारदीवारी में ‘चांद’ की दस्तक: सलाखों के पीछे भी नहीं डिगा आस्था और प्रेम, जानिए 20 महिला बंदियों ने कैसे पूरा किया व्रत
जानकारी के अनुसार, इटवा गांव निवासी मुन्ना प्रजापति के घर में शुक्रवार की रात चोर छत के रास्ते दाखिल हुए. घर में रखे कीमती आभूषणों और नकदी को खंगालते हुए चोर करीब दो से तीन लाख रुपये के जेवरात और 12 हजार रुपये नकदी समेट ले गए. इस दौरान घर में 17 वर्षीय बीमार किशोर सो रहा था. आहट होने पर किशोर की नींद खुल गई और उसने चोरों का विरोध करने का प्रयास किया. आरोप है कि चोरों ने उसके मुंह पर स्प्रे छिड़क दिया. इसके बाद भी विरोध करने पर उसके सिर और पीठ पर वार कर दिया.
इसे भी पढ़ें- योगी जी, यही हैं अच्छे दिन! 500 रुपये में बिक रही 266 की यूरिया, चंद्रशेखर ने सरकार को घेरते हुए दिया बड़ा बयान
वारदात को अंजाम देने के बाद चोर छत के रास्ते फरार हो गए. घटना की जानकारी होने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. पीड़ित मुन्ना प्रजापति और राजकुमार प्रजापति ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है. ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.

