वाराणसी। दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक के बाद काशी कोतवाल काल भैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश के लोकमंगल की कामना की। इस दौरान उन्होंने चौकाघाट स्थित विद्युत सब स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण भी किया और निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

काल भैरव मंदिर में किया दर्शन-पूजन

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आरती में भाग लिया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया तथा बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार भी दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां गर्भगृह में षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन-अर्चन कर लोककल्याण और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री के दर्शन के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

READ MORE: CM योगी ने सपा-कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- ये लोग बाबरी ढांचे पर घड़ियाली आंसू बहाते थे और…

विद्युत सब स्टेशन का किया निरीक्षण

मंदिर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौकाघाट स्थित विद्युत सब स्टेशन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें परियोजना की प्रगति की जानकारी दी, जिस पर मुख्यमंत्री ने कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

अपने वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र के विवाह समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित दंपति को शुभाशीष देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।

READ MORE: रामभक्तों के नाम चंपत राय ने लिखी पाती, कहा- SIT की अंतिम रिपोर्ट के बाद दूंगा हर सवाल का जवाब

इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य राय धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।