अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पीडीडीयू नगर में यातायात पुलिस ने विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया. अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और बाजार क्षेत्रों में ट्रक, ऑटो, दोपहिया तथा चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई. वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए 500 वाहनों का चालान किया गया.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, समझाइए अपने गुंडों को…मंदिर के पुजारी और बेटे पर हुए हमले को लेकर ओपी राजभर ने साधा निशाना, जानिए ऐसा क्या कहा?

यातायात प्रभारी सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न श्रेणी के वाहनों पर करीब 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है. उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चालक हमेशा हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें. साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का उल्लंघन न करें.

इसे भी पढ़ें- लाल ने बहाया लहूः बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर मां को सुला दी मौत की नींद, हैरान कर देगी हत्या की दास्तां

यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा. पुलिस का उद्देश्य शहर में सुरक्षित, सुचारु और अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके.