​कुलदीप सिंह, ​फतेहपुर. जनपद में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. खागा कोतवाली क्षेत्र के बैजूपुर मजरे कटोघन गांव में स्थित एक तालाब में मूर्ति विसर्जन करने गए 5 किशोर गहरे पानी में डूब गए. स्थानीय लोगों की मदद से पांचों को बाहर निकाला गया, जिनमें से 3 किशोरों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो किशोरों को सुरक्षित बचा लिया गया है. इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है.

इसे भी पढ़ें- योगी’राज’ में दलित को न्याय नहीं मिलेगा! 10वीं के छात्र का जातिगत उत्पीड़न कर की पिटाई, केस करने के बजाय खाकी बना रही समझौता का दबाव, ये कैसा सुशासन?

​बता दें कि बैजूपुर मजरे कटोघन गांव में मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था. विसर्जन के दौरान कुछ किशोर उत्साह में तालाब के पास पहुंचे और पानी में उतर गए. देखते ही देखते पांचों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई. ग्रामीणों की तुरंत की गई कोशिशों से पांचों किशोरों को तालाब से बाहर निकाला गया. आनन-फानन में सभी को नजदीकी हरदो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने गंभीर हालत में पहुंचे आदित्य, साजन और अभिमन्यु को बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई.

इसे भी पढ़ें- चुनाव आया तो याद आई! प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के खाली पदों को लेकर चंद्रशेखर ने सरकार को घेरा, सरकार बनने पर बेरोजगारों से किया बड़ा वादा

​वहीं हादसे का शिकार हुए अन्य दो किशोरों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जिनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. ​एक साथ तीन किशोरों की मौत की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और स्थिति को संभालते हुए शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.