कुलदीप सिंह, फतेहपुर. थाना बिन्दकी क्षेत्र के ग्राम अलियाबाद के पास रविवार सुबह एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट गया. इस भीषण हादसे में वाहन में सवार 29 लोग घायल हो गए. घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज, फतेहपुर पहुंचाया.
इसे भी पढ़ें- पहले से भ्रष्टाचार और काम में…नगीना सांसद ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे को लेकर सरकार को घेरा, उठाए गंभीर सवाल
बता दें कि हादसे में सिर पर गंभीर चोट (हेड इंजरी) लगने के कारण 7 घायलों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है. शेष घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. राहत की बात यह है कि वर्तमान में कोई भी घायल अत्यधिक गंभीर स्थिति में नहीं है. कानपुर हैलट भेजे गए मरीजों के बेहतर उपचार के लिए वहां के चिकित्सकों से लगातार समन्वय रखा जा रहा है.
ये सभी घायल ग्रामीण बिन्दकी थाने के ग्राम कुरई से प्रतापगढ़ जनपद स्थित मनगढ़ दर्शन के लिए पिकअप वाहन (संख्या UP71 BT 5211) से जा रहे थे. वाहन के मालिक और चालक साहिल भी इसी वाहन में सवार थे, जिन्हें भी चोटें आई हैं. चालक ने शुरुआती पूछताछ में वाहन की स्टीयरिंग और ब्रेक फेल होने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात कही है. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता वाहन के तकनीकी परीक्षण और घटनास्थल के विस्तृत निरीक्षण के बाद ही चल सकेगा.
इसे भी पढ़ें- कारसेवा जैसे मुद्दे उछालकर…सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर साधा निशाना, डिप्टी CM केशव मौर्य के बयान पर पलटवार करते हुए कह दी बड़ी बात
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना. उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और सभी को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए.


