कुलदीप सिंह, फतेहपुर. जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है. नशे में चूर एक कलयुगी बेटे ने मामूली बात पर अपनी ही 65 वर्षीय बुजुर्ग मां की ईंट-पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी. इस जघन्य वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और इलाके में कोहराम मच गया.
इसे भी पढ़ें- अंधेर हो गया योगी जी! शांतिभंग की आशंका के चलते 80 साल की वृद्धा के खिलाफ मुचलका पाबंद, यही सुशासन है?
बता दें कि दिलावलपुर गांव निवासी स्वर्गीय शिवचरण पटेल की 65 वर्षीय पत्नी सावित्री देवी घर पर अकेली थीं. आरोप है कि उनका छोटा बेटा राजू पटेल नशे की हालत में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर अपनी मां के साथ झगड़ा करने लगा. विवाद इतना बढ़ा कि नशे में धुत राजू ने आपा खो दिया और घर में रखे ईंट-पत्थर से अपनी मां के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. गंभीर चोटें आने और अत्यधिक खून बहने के कारण सावित्री देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और बकेवर थाना पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के बड़े बेटे रामसजीवन ने अपने छोटे भाई राजू पटेल के खिलाफ हत्या की तहरीर दी थी. तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे राजू पटेल को गिरफ्तार कर लिया है.
इसे भी पढ़ें- पंडित जी भाजपा को खतरा है या सनातन को! ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर भड़के रामादल ट्रस्ट के अध्यक्ष, जानिए ऐसा क्या कहा?
बकेवर थाना पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह और नशे की लत ही इस घटना का मुख्य कारण नजर आ रही है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है, साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

