गोविंद पटेल, कुशीनगर. पति-पत्नी के रिश्तों में बढ़ती खटास और मानसिक तनाव एक युवक के लिए काल साबित हुआ. कसया थाना क्षेत्र के बेलवा पलकधारी निवासी 33 वर्षीय ऑटोमोबाइल इंजीनियर प्रद्युम्न यादव ने कथित पारिवारिक प्रताड़ना और कानूनी दबाव से तंग आकर आत्महत्या कर ली. मरने से पहले युवक ने एक वीडियो जारी कर पत्नी पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. जानकारी के अनुसार प्रद्युम्न यादव की शादी 2 जून 2017 को फाजिलनगर क्षेत्र निवासी अर्पिता के साथ धूमधाम से हुई थी. परिजनों के मुताबिक शादी के कुछ माह बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद बढ़ने पर प्रद्युम्न पत्नी को उसके मायके छोड़ आए. बाद में पंचायत और समझौते के बाद दोनों साथ रहने लगे और दिल्ली चले गए.

इसे भी पढ़ें- BJP सत्ता का दुरुपयोग करेगी, लेकिन…अखिलेश यादव का सरकार पर करारा हमला, जानिए अपने कार्यकर्ताओं को क्यों दी सावधान रहने की नसीहत

मृतक के बड़े भाई राघवेंद्र यादव का आरोप है कि दिल्ली में भी विवाद जारी रह. उन्होंने आरोप लगाया कि एक बार पत्नी ने रात में प्रद्युम्न का गला दबाने की कोशिश की, जिसके बाद वह पत्नी को दोबारा मायके छोड़ आए. इसके बाद पत्नी ने प्रद्युम्न पर कई मुकदमे दर्ज कराए और कई बार जेल भी भिजवाया. इससे वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगे थे. परिजनों के अनुसार कोर्ट द्वारा बीएसएन की धारा 147 (रिकवरी) के तहत प्रद्युम्न के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. 12 मई 2026 को पडरौना कोर्ट में उनकी तारीख भी थी. गिरफ्तारी के डर और तनाव के चलते वह मध्य प्रदेश से सीधे पडरौना पहुंचे थे.

इसे भी पढ़ें- योगी जी…भ्रष्ट है आपका सिस्टम! बच्चों और महिलाओं के हक का पोषण आहार निगल जा रहे अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी योजना है या ‘लूट’ की योजना?

बताया जा रहा है कि 14 मई को वह गोरखपुर के कुसम्ही जंगल पहुंचे, जहां शाम करीब छह बजे बुढ़िया माई स्थान के पास पेड़ से गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मौत से पहले जारी वीडियो में प्रद्युम्न ने कहा कि वह पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर रहे हैं. घटना ने एक बार फिर वैवाहिक विवाद, मानसिक प्रताड़ना और पारिवारिक टूटन जैसे गंभीर मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.