सतीश सिंह, लखनऊ. भोजपुरी फिल्म जगत की अभिनेत्री अंजना सिंह ने अभिनेता खेसारी लाल यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज स्थित साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर उनकी और उनकी 11 वर्षीय बेटी को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की गई. उनका दावा है कि एआई तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी अश्लील तस्वीरें तैयार कर वायरल की गईं, वहीं उनकी नाबालिग बेटी के खिलाफ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया.
अंजना सिंह का कहना है कि उन्हें लगातार ऑनलाइन प्रताड़ित किया जा रहा है. इतना ही नहीं, सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी गई हैं. इस पूरे घटनाक्रम से उनके परिवार को मानसिक और सामाजिक रूप से गहरी पीड़ा पहुंची है.
इसे भी पढ़ें- अभी भी भ्रष्ट भाजपा सरकार… अखिलेश यादव का राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर तीखा हमला, VIDEO शेयर कर लगाए गंभीर आरोप
अभिनेत्री ने अपनी शिकायत में खेसारी लाल यादव के अलावा उनके मैनेजर, फिल्म लेखक अखिलेश कश्यप, कृष्णा बेदर्दी और संजय यादव का नाम भी लिया है. उनका आरोप है कि कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स के जरिए उनके खिलाफ सुनियोजित ढंग से दुष्प्रचार अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो साझा किए गए.
अंजना सिंह के मुताबिक, हाल ही में उन्होंने एक पॉडकास्ट में खेसारी लाल यादव को लेकर अपनी निजी राय व्यक्त की थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ ट्रोलिंग शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे व्यक्तिगत हमलों में बदल गई. उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद को बढ़ाने के लिए उनकी नाबालिग बेटी को भी इसमें घसीटा गया.
इसे भी पढ़ें- पूछता है, रायबरेली…राहुल गांधी के खिलाफ सड़क पर लगे पोस्टर, छात्र विरोधी चेहरा बताते हुए लिखी की तीखी बात
अंजना सिंह ने साइबर पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया है. उनका कहना है कि इससे संबंधित अकाउंट्स के आईपी एड्रेस, लॉगिन डिटेल्स और अन्य तकनीकी जानकारियां जुटाकर निष्पक्ष जांच की जा सकेगी. फिलहाल, इस मामले में शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच साइबर क्राइम पुलिस द्वारा की जाएगी. शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.


