लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा पर व्यापारियों को तबाह करने का आरोप लगाते हुए करारा हमला बोला है. अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में व्यापारी तबाह हो गया है. पुलिस-प्रशासन व्यापारियों को फर्जी केसों में फंसा देती है. प्रदेश में हर दिन 10-15 व्यापारी पुलिस उगाही के शिकार हो रहे है. उन पर झूठे मुकदमें लगाये जा रहे हैं. व्यापारी समाज सबसे ज्यादा राजस्व देता है, फिर भी व्यापारियों से लूट हो रही है, उन्हें तंग किया जा रहा है. भाजपा सरकार ने सर्राफा व्यापारियों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है. सोने को लेकर भाजपा सरकार का फरमान ठीक नहीं है. भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री जी भ्रमित हैं. लोगों के पास पैसा है ही नहीं तो अर्थव्यवस्था कैसे अच्छी होगी? कुछ ही लोगों के पास पैसा है, बाकी लोगों का हाथ खाली है.

इसे भी पढ़ें- भाजपा’राज’में बेटियां कहां सेफ हैं? नग्न अवस्था में मिली 9 साल की बच्ची की लाश, मुंह में ठूसा था कपड़ा, आखिर ऐसे होगा ‘नारी वंदन’!

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जानबूझकर संकट पैदा किया है. सरकार के फैसले से जेवर कारोबार का क्या होगा? लगातार बढ़ती मंहगाई भाजपा की देन है. भारत की अर्थव्यवस्था में स्वर्णकार समाज का अहम योगदान है. समाजवादी पार्टी स्वर्णकार समाज के साथ है. स्वर्णकार समाज पीड़ित है. स्वर्णकार समाज पीडीए है. समाजवादी पार्टी पीड़ितों के साथ है. भाजपा देश की अर्थव्यवस्था को केन्द्रीयकृत कर रही है. इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है. समाजवादी पार्टी की सरकार में स्वर्णकार बोर्ड बनाया जाएगा. स्वर्णकारों के लिए डिजायन विश्वविद्यालय होगा. संत नरहरि दास महाराज की प्रतिमा गोमती रिवरफ्रंट पर लगायी जाएगी.

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा समाज को तोड़ती है. भाजपा की सोच बहुत घटिया है. 2027 में जनता भाजपा को हराने के लिए तैयार है. भाजपा का सफाया होना तय है. 2027 में भाजपा का साम्प्रदायिकता का फार्मूला नहीं चलेगा. भाजपा के भ्रष्टाचार और लूट से जनता तंग आ गई है. सरकारी जमीनों और तालाबों पर बड़े पैमाने पर कब्जे हुए है. अयोध्या, आगरा, गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज में सबसे ज्यादा जमीनों की खरीद-फरोख्त हुई है. जमीनों की सबसे ज्यादा रजिस्ट्री भाजपा नेताओं ने करायी है. बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है. भाजपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं है. बहन-बेटियों के साथ सबसे ज्यादा अपराध की घटनाएं हो रही है. 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हम किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे. सबकी सुरक्षा करेंगे, सबको न्याय देंगे. प्रदेश में अमन-चैन होगा, सब सुरक्षित रहेंगे.

इसे भी पढ़ें- तू एतना बड़ा सत्ता क लालची हउवा कि… अखिलेश यादव के मंत्रिमंडल वाले बयान पर ओपी राजभर का तंज, मंत्री बनाने का दे दिया ऑफर

स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करती है. ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स की धमकी देती है. स्वर्णकार समाज का भरोसा अखिलेश यादव पर हैं. समाजवादी सरकार में स्वर्णकार समाज के पूर्वजों का सम्मान किया है. भाजपा ने कभी भी स्वर्णकार समाज के पूर्वजों को सम्मान नहीं करती है. भाजपा धोखा देती है, भाजपा की चाल से सावधान रहना है. भाजपा सरकार में सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है. स्वर्णकार समाज पीडीए का घटक हैं. स्वर्णकारों को समाजवादी पार्टी से ही उम्मीद है.

समाजवादी पार्टी की सरकार में कोई वसूली नहीं कर पाएगा. स्वर्णकार समाज ने कहा कि 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने में थोड़ी सी कसर रह गई, लेकिन इस बार 2027 में कोई कसर नहीं होगी. स्वर्णकार समाज समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर ही दम लेगा. भविष्य साइकिल का है. स्वर्णकार समाज पूरी जिम्मेदारी से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए संकल्पित हैं. सुनार समाज का हित समाजवादी पार्टी में सुरक्षित रहता है.