लखनऊ. सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, सरकार से लेकर संगठन तक में शीर्ष पदों पर बैठे भाजपा नेताओं की भाषा बेहद अभद्र और असंसदीय है. मुख्यमंत्री जी और उनके मंत्रियों, सहयोगी दलों ने नौ साल के कार्यकाल में विकास का कोई कार्य नहीं किया. भेदभाव और नफरत फैलाने का काम किया. भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है. हर दिन जघन्य हत्याएं हो रही है. भ्रष्टाचार चरम पर है. हर विभाग में लूट मची है. थाना, तहसील भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है.

इसे भी पढ़ें- बदमाशी छोड़ दो या फिर UP! पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़, एक का हाफ एनकाउंटर, जानिए खाकी ने कैसे ऑपरेशन को दिया अंजाम…

आगे अखिलेश यादव ने कहा, स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त हैं. अस्पतालों में मरीजों को पर्याप्त दवा इलाज नहीं मिल रहा है. दवाओं में बड़ी पैमाने पर घपलेबाजी है. बिजली व्यवस्था चरमरायी हुई है. स्मार्ट मीटर लगाकर भाजपा सरकार ने जनता को लूटने का काम किया. शिक्षा व्यवस्था की दुर्दशा हो गई है. परीक्षाएं पारदर्शी नहीं रह गई हैं. पेपर लीक हो रहे हैं. सरकार समय पर पंचायत चुनाव नहीं कर पाई. किसानों की आय दुगनी नहीं हुई. भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है.

इसे भी पढ़ें- मिट्टी में मिली 2 जिंदगीः दीवार की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत, 8 साल का बच्चा लड़ रहा जिंदगी की जंग

अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार के मंत्रियों के पास जनता से जुड़े मुद्दों और भाजपा द्वारा किये गये वादों पर कोई जवाब नहीं है. भाजपा सरकार 2027 में हार के डर से भयभीत है. मुख्यमंत्री जी और उनके सहयोगी दल अलोकतांत्रिक और अमर्यादित व्यवहार और भाषा पर उतर आए हैं. संवैधानिक पदों पर बैठे भाजपा के लोगों में अपने पदों की मर्यादा का भी सम्मान नहीं है. ये सब पदों की गरिमा को गिराने अपमानित करने का काम कर रहे हैं. इनके पास जनहित में करने के लिए न कोई काम है और न सोच. प्रदेश की जनता सब देख रही है. जनता 2027 में भाजपा को उसके कारनामों की सजा देगी भाजपा को हराकर उसके अहंकार का अंत कर देगी.