लखनऊ. लखनऊ अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद सरकार और प्रशासन सख्ती के मूड में है. मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानो को सील किया जा रहा है. ऐसे में कई कोचिंग संस्थान सील किए गए हैं. जिसे लेकर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है. अखिलेश य़ादव ने कहा, अब भाजपा सरकार ‘कोचिंग बंदी’ ले आई.

इसे भी पढ़ें- मौतों के बाद ही जागता है सिस्टम! नियमों की अनदेखी करने वालों पर बड़ी कार्रवाई, VDA ने 11 कोचिंग संस्थानों को किया सील

अखिलेश यादव ने आगे कहा, भाजपा अपना भ्रष्टाचार छिपाने के लिए जनता को सुरक्षा मानकों के नाम पर परेशान कर रही है. माना सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन क्या पिछले 10 साल से सरकार सो रही थी. सरकार के पास 1 दिन में इतना स्टॉफ़ कहां से आया कि पूरे प्रदेश में हज़ारों लोगों को जांच के बाद नोटिस थमा दिया गया. सच्चाई ये है कि अब सुरक्षा मानकों और अनुमति आदि के नाम पर करोड़ों की उगाही का खेल शुरू हो गया है. भाजपाई आपदा में सम्पदा ढूंढ लेते हैं.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी की यह हरकतें देखकर… PDA के A को आदिवासी बताने पर ओपी राजभर का निशाना, सपा सुप्रीमो पर दिया बड़ा बयान

आगे अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि कोचिंग संस्थानों को बंद करने से, उन लाखों बच्चों का क्या होगा जो तैयारी कर रहे हैं. इससे अच्छा तो नोटिस देकर सुरक्षा मानकों के लिए तुरंत व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाएं, जिससे किराये पर रह रहे बच्चों के कोर्स समय पर ख़त्म हो सकें. इस तरह की ‘कोचिंग बंदी’ से तो महंगाई से परेशान लोगों के ख़र्चे और भी बढ़ जाएंगे. भाजपा अगर अपनी ‘भ्रष्टाचार बंदी’ कर दे तो हर समस्या का हल निकल आए.

मुगलयराय में 11 कोचिंग संस्थान सील

वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने भवन मानकों और मानचित्र स्वीकृति नियमों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 संस्थानों को सील कर दिया. इस कार्रवाई से क्षेत्र के कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया. वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया. जांच के दौरान कई संस्थान बिना स्वीकृत मानचित्र, आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों के संचालन करते पाए गए. इसके अलावा भवन सुरक्षा एवं अन्य निर्धारित नियमों के पालन में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आई.