लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के भविष्य के के लिए आने वाली पीढ़ी की खुशहाली के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना लोकतंत्र के हित में है. यूपी की पूरी प्रशासनिक व्यवस्था चौपट है. भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की हद हो गई है. इसलिए भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना ही एकमात्र उपाय है. समाजवादी पार्टी पीडीए को एकजुट करके उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार का सफाया करने के लिए संकल्पित है.
इसे भी पढ़ें- राम के नाम पर चंदा लेकर…पूर्व मंत्री किरण पाल कश्यप ने BJP पर बोला तीखा हमला, किसानों, छात्रों और नौजवानों को लेकर कह दी बड़ी बात
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कोई नई योजना लागू करने में सफल नहीं हो सकी. दिखावे के लिए भी उसके पास सिर्फ समाजवादी सरकार के समय के काम है. अभी पिछले दिनों जापानी डेलीगेशन लखनऊ आया था तो उसे वूमेन पावर डायल 1090 दिखाया गया था, जिसे समाजवादी सरकार में महिला सुरक्षा के लिए बनाया गया था.
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति कर समाज का बंटवारा करने की साजिश करती है. भाजपा जबसे सत्ता में आयी है उसने जनहित में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया. महिला अपराध, फर्जी एनकाउण्टर और पुलिस हिरासत में मौतों के आंकड़ों में उत्तर प्रदेश अव्वल नम्बर पर है. महिलाएं रोज अपमानित हो रही है. बच्चियों से दरिंदगी हो रही है. नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है. वह आत्महत्या करने को मजबूर हो रहा है. लोगों को न समय से इलाज मिल रहा है और न ही शुद्ध पेयजल. स्कूल बंद हो रहे हैं. पीडीए समाज पर अत्याचार हो रहा है.
इसे भी पढ़ें- 2017 से पहले बिजली…विधायक वेद प्रकाश गुप्ता का बड़ा बयान, जानिए आखिर भाजपा विधायक ने क्यों कहा ऐसा?
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता में बने रहने के लिए समाज को बांटने और नफरत फैलाने का ही काम कर रही है. भाजपा सरकार के अब कुछ ही दिन बचे है. भाजपा अब सिर्फ समाजवादी पार्टी के नेताओं को बदनाम करने और झूठी बयानबाजी कर रही है. भाजपा के पाप का घड़ा भर गया है. कुछ ही दिन में फूटने वाला है. सच क्या है जनता जानती है. 2027 में भाजपा का सूपड़ा साफ होना तय है. समाजवादी पार्टी और पीडीए जनता के सहयोग से भाजपा सरकार को सत्ता से हटाकर देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए संकल्पित है.



